
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा(संपादक)
अयोध्या । हरियाली तीज के पावन अवसर पर सोमवार को दरबार श्री लाल साहब में झूलनोत्सव की भव्य झांकी का आयोजन किया गया। उत्सव में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर श्रीसीताराम दरबार के दिव्य दर्शन किए और भक्तिभाव से ओतप्रोत वातावरण में झूलनोत्सव का आनंद लिया। इस आयोजन का नेतृत्व दरबार श्री लाल साहब के महंत श्री रामनरेश शरण जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। महंत श्री ने भगवान श्रीसीताराम जी की झांकी का विधिवत पूजन कर झूलनोत्सव की शुरुआत कराई। झांकी में राधा-कृष्ण एवं सीता-राम के झूले को विशेष रूप से सजाया गया था। झूले पर विराजमान भगवान के सजीव स्वरूप ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा मंदिर परिसर फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी लहरिया साड़ियों से भव्य रूप में सजाया गया था।
इस अवसर पर परंपरागत भजन गूंजते रहे
“प्यारी झूलन पधारो, झुकी आई बदरा, सजी भूषण बसन, अखियन कजरा।”
भक्तजनों ने मंगल गीतों के साथ अपने प्रिय श्रीलाल जी को झूला झुलाया और आरती उतारी। कार्यक्रम में विशेष रूप से “आई तीज सुहावन, प्यारी सियाजू पहिरी लहरिया साड़ी, झूलन पिया के संग सिधारी श्री जनक लली” जैसे गीतों पर महिलाएं भाव-विभोर होकर झूमती रहीं। सखियों द्वारा मिलकर झूला झुलाने की परंपरा ने उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। समारोह का समापन “जय जय श्रीसीताराम जी” के गगनभेदी जयकारों के साथ हुआ।
महंत श्री रामनरेश शरण जी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पर्व के माध्यम
से प्रकृति, प्रेम और परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिलता है।




