Advertisement
दिल्लीभारत
Trending

प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम से 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे

21 तारीख को योग संगम के लिए 11 लाख से अधिक कार्यक्रम पंजीकृत

 

रिपोर्ट:- शिवा वर्मा (संपादक)

दिल्ली में 100 से अधिक कार्यक्रम आयोजित होंगे

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की विषयवस्तु – “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” वैश्विक कल्याण के प्रति भारत के दृष्टिकोण को प्रतिध्वनित करता है

21 जून 2025 को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) को भव्य रूप से मनाने की तैयारी पूर्ण हो चुकी हैं, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे और मुख्य स्थल पर 3 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का प्रदर्शन करेंगे। उनके साथ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (आईसी) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी भारत के वैश्विक कल्याण दृष्टिकोण के एक विशाल प्रदर्शन में शामिल होंगे।

विज्ञापन

प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम स्थल पर 3 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) का प्रदर्शन करेंगे। ‘योग संगम’ पहल के तहत देश भर में 10 लाख से अधिक स्थानों पर योग का प्रदर्शन किया जाएगा। योग का सामूहिक प्रदर्शन सुबह 6:30 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित किया जाएगा और संपूर्ण देश के विभिन्न स्थलों से अभूतपूर्व भागीदारी मिलने की उम्मीद है। अभूतपूर्व संगम में, राज्य भर में 1 लाख से अधिक स्थानों पर योग सत्रों में 2 करोड़ से अधिक लोगों के भाग लेने की आशा है। आंध्र प्रदेश सरकार इस अवसर को विशेष बनाने के लिए इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का भी प्रयास कर रही है। इस अवसर पर , आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत प्रतिभागियों को 50 लाख से अधिक योग प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह दशकीय संस्करण भारत की स्वास्थ्य और कल्याण यात्रा में वास्तव में एक ऐतिहासिक क्षण बन जाएगा।

विज्ञापन 2

विशाखापत्तनम में आयोजित समारोह के हिस्से के रूप में, आज आंध्र विश्वविद्यालय में एक उल्लेखनीय ‘सूर्य नमस्कार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ लगभग 25,000 आदिवासी बच्चों ने 108 मिनट में 108 सूर्य नमस्कार किए। इस अनूठी पहल ने आदिवासी समुदायों की उत्साही भागीदारी को उजागर किया और जमीनी स्तर पर योग की गहरी पहुँच को दर्शाया।

विज्ञापन 3

दिल्ली भी राष्ट्रीय उत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार है। 21 जून को, राष्ट्रीय राजधानी में 109 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें ऐतिहासिक लाल किले पर एक भव्य कार्यक्रम भी शामिल है। आयुष मंत्रालय के सहयोग से ब्रह्मा कुमारियों द्वारा आयोजित और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से, लाल किले के कार्यक्रम में “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर प्रकाश डाला जाएगा।

विज्ञापन 4

इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025, “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” कल्याण के एकीकृत दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह “सर्वे संतु निरामया” (सभी रोग मुक्त हों) के भारतीय लोकाचार से प्रेरित होकर, मानव और ग्रह स्वास्थ्य के परस्पर संबंध पर जोर देता है।

विज्ञापन 5

योग के लाभों की समावेशी पहुँच सुनिश्चित करने के लिए, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी ग्राम प्रधानों को एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है, “यह गर्व की बात है कि योग ने न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।” अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पिछले संस्करणों की तरह, प्रधानमंत्री के संदेश ने ग्राम पंचायतों में नए उत्साह का संचार किया है, जिसके परिणामस्वरूप जमीनी स्तर पर, विशेष रूप से पंचायतों, आंगनवाड़ियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में योग से संबंधित गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के लिए जन भागीदारी बढ़ाने हेतु 10 मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत को संपूर्ण देश और विदेशों से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है। देश में 21 जून को योग के आयोजन के लिए 1 लाख पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया था, जिसके मुकाबले 11 लाख से अधिक संगठनों और समूहों ने आयुष मंत्रालय के योग पोर्टल के माध्यम से अपने-अपने स्थानों पर योग संगम कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। राजस्थान 2.25 लाख से अधिक पंजीकरण करके सूची में सबसे ऊपर है, इसके बाद तीन और राज्यों ने 1 लाख पंजीकरण का आंकड़ा पार किया है।

10 मुख्य कार्यक्रमों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) आंदोलन के एक दशक को चिह्नित किया।

इस अति विशेष वर्ष का सम्मान करने के लिए, आयुष मंत्रालय ने 10 सिग्नेचर इवेंट्स की संकल्पना की है, जो 100 दिनों की अवधि में आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के लिए हैं और भारत तथा विदेशों में योग के उभरते परिदृश्य को प्रदर्शित करते हैं।

इनमें शामिल हैं:

योग संगम: राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ-साथ 1,00,000 से अधिक स्थानों पर सामूहिक योग प्रदर्शन।

योग बंधन: अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और योग प्रतिनिधिमंडलों का आदान-प्रदान।

हरित योग: वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान जैसे पर्यावरणीय कार्यों के साथ योग का एकीकरण।

योग पार्क: सार्वजनिक पार्कों को समर्पित योग स्थानों में अपग्रेड करना।

योग समावेश: हाशिए पर पड़े समूहों के लिए अनुकूलित प्रोटोकॉल के साथ समावेशी योग आउटरीच।

योग प्रभाव: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और इसके सामाजिक परिणामों पर एक व्यापक 10 वर्षीय प्रभाव रिपोर्ट।

योग कनेक्ट: 14 जून को एक वैश्विक ऑनलाइन योग शिखर सम्मेलन का आयोजन, जिसमें वैश्विक विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल।

योग अनप्लग्ड: तकनीक, रुझान और पारंपरिक योग को मिलाकर युवा-केंद्रित अभियान।

योग महाकुंभ: योग के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयामों का जश्न मनाने वाले बड़े पैमाने के कार्यक्रमों की श्रृंखला।

सम्यग: आधुनिक स्वास्थ्य सेवा प्रथाओं के साथ योग साक्ष्य के एकीकरण का प्रदर्शन।

इस दशकीय उत्सव का समन्वयन पूरे सरकारी दृष्टिकोण के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें मंत्रालय, विभाग, राज्य सरकारें, शहरी स्थानीय निकाय और विदेश में भारतीय मिशन शामिल हैं। विभिन्न सरकारी निकायों द्वारा आयोजित विशेष अभियान, योग शिविर और प्रतियोगिताओं के साथ कई सप्ताह से तैयारी संबंधी गतिविधियाँ चल रही हैं।

विश्व स्तर पर, भारतीय दूतावास और सांस्कृतिक केंद्र सक्रिय रूप से योग प्रदर्शन और जागरूकता अभियान चला रहे हैं, जिससे भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नेतृत्व को और मजबूती मिल रही है।

पिछले दस वर्षों में अपनी मजबूत नींव और सभी क्षेत्रों से उत्साही भागीदारी के साथ, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 भारत की स्वास्थ्य यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण बनने के लिए तैयार है। संदेश स्पष्ट है- योग न केवल दुनिया को भारत का अनुपम उपहार है, बल्कि सभी के लिए एक स्वस्थ, सामंजस्यपूर्ण और अधिक टिकाऊ भविष्य का मार्ग भी है।

advertisement

UP BREAKING NEWS

UP BREAKING NEWS is a National news portal based in Barabanki, India, with a special focus on Uttar Pradesh. We reach netizens throughout the globe – anywhere, anytime on your laptop, tablet and mobile – in just one touch. It brings a beautiful blend of text, audio and video on Politics, National, International, Bureaucracy, Sports, Business, Health, Education, Food, Travel, Lifestyle, Entertainment, Wheels, and Gadgets. Founded in 2017, by a young journalist Shiva Verma. It particularly feeds the needs of the youth, courageous and confident India. Our motto is: Fast, Fair and Fearless.

Related Articles

Back to top button