
रिपोर्ट :-आकांक्षा वर्मा।
बाराबंकी। आज के समय में खेल एक बेहतर कैरियर भी है। यानी खेल से यश और धन दोनों लक्ष्य पाए जा सकते हैं, साथ ही खेल से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूती प्राप्त होती है।
उक्त विचार मुख्य अतिथि डॉ नीलम चौधरी चिकित्साअधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दादरा ने नाग पंचमी के अवसर पर मसौली ब्लाक के ग्राम सेमरी में मीरा देवी खेल कूद प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण में व्यक्त किये। डॉ नीलम ने विजेताओं को बधाई देते हुए पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने को प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट रजत बहादुर वर्मा अध्यक्ष ग्रीन गैंग पर्यावरण सेना ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता शुभारम्भ कराई। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि इस तरह के ग्राम स्तरीय खेल कूद गाँव में छिपी प्रतिभाओं को खोज निकालने व उन्हें निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। श्री रजत ने खिलाड़ियों से कहा कि स्कूल, युवक मंगल दल, नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से खेल में बहुत आगे जाया जा सकता है।

500 मीटर दौड़ बालक वर्ग में प्रथम प्रतीक यादव, द्वितीय शिवा वर्मा एवं 300 मीटर दौड़ में प्रथम रिंकल वर्मा, द्वितीय वशिष्ठ यादव रहे।
बालिका वर्ग की 300 मीटर दौड़ में प्रथम नीलम द्वितीय सोनी यादव रहीं। दोनों अतिथियों व प्रतियोगिता आयोजक समाज सेवी मनोज यादव के कर कमलों से विजेताओं को पुरस्कृत व सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लैब टेक्नीशियन प्रतिभा मौर्या मीरा यादव, एएनएम संगीता राय, हर्षिता, पल्लवी डॉ सुमित यादव, दुर्गेश, कमलेश सहित अनेक ग्रामवासी जन उपस्थित रहे। यह खेलकूद प्रतियोगिता मनोज यादव द्वारा अपनी पत्नी मीरा यादव की उपस्थिति में उनके नाम से आयोजित की गई है।




