
रिपोर्ट :- आकांक्षा वर्मा।
बाराबंकी। 01 जुलाई को स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत जिले के समस्त परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए स्वागत उत्सव के भव्य आयोजन किए गए।

इस दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यालयों को जहां फूल, पत्तों, झंडियों व गुब्बारों से सजाया गया, वहीं रंगोली भी बनवायी गयीं जागरूकता रैलियां भी निकाली गयीं।

सोमवार को जीआईसी ऑडिटोरियम से स्कूल चलो अभियान व विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ हुआ।

इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री मयंकेश्वर शरण सिंह जी मा0 राज्यमंत्री चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग ने स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ करते हुए कहा कि अभिभावक प्रत्येक दिवस अपने बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें।

शिक्षकों का दायित्व है कि विद्यालय में पठन-पाठन का माहौल बेहतर रखें। कार्यक्रम को कुर्सी विधायक मा0 श्री साकेन्द्र प्रताप वर्मा जी, एम0एल0सी0 मा0 श्री अंगद कुमार सिंह जी, जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार जी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अ. सुदन जी ने भी सम्बोधित किया।

मुख्य अतिथि द्वारा नव प्रवेशित छात्र/छात्राओं को पुस्तकें प्रदान की गयीं।

ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी हेतु स्टॉल लगाया गया, जिसका मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि द्वारा निरीक्षण किया गया।

परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों के करीब 700 बच्चों द्वारा स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत रैली निकाली गयी। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्री ओ.पी. त्रिपाठी,

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सन्तोष कुमार देव पाण्डेय, नगर शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुषमा सेंगर, जिला समन्वयक आईईडी श्रीमती सुधा जायसवाल, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्री पुनीत मणि त्रिपाठी, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता श्री नन्दन पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

इसके उपरांत विद्यालय स्तर पर आयोजित स्वागत उत्सव के अन्तर्गत जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बीडीओ देवा सुश्री नेहा शर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री राम नारायण द्वारा देवा विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय भटेहटा में पहुंचकर नव प्रवेशित छात्र/छात्राओं का अक्षत-रोली से टीका कर स्वागत किया गया।

इस मौके पर छात्र/छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के साथ ही विद्यालय आकर अध्यापकों से सम्पर्क करते हुए अपने बच्चों के सम्बंध में चर्चा-परिचर्चा करें। उन्होंने यह भी कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बहुत ही योग्य शिक्षक तैनात हैं, वह बच्चों को होमवर्क दें तथा नियमित मूल्यांकन भी करें।

इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मिश्र के साथ ही समस्त समस्त शिक्षक शिक्षकाएं उपस्थित रहीं।

जनपद के 15 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों तथा 2624 परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कम्पोजिट विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों द्वारा फूल-पत्ती, गुब्बारों से सजाया गया।

शिक्षकों द्वारा छात्र/छात्राओं का अक्षत-रोली से टीका कर स्वागत किया गया। समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी व जिला समन्वयकों द्वारा एक-एक विद्यालय में पहुंचकर स्वागत उत्सव में प्रतिभाग करते हुए बच्चों का स्वागत किया गया।



