अवैध आम की लकड़ी ले जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलटा।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
फतेहपुर बाराबंकी। अवैध आम की लकड़ी ले जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार रात अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलटा। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर और लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।
फतेहपुर वन विभाग को सूचना मिली थी कि आम की अवैध लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर रसूलपनाह गांव स्थित एक फैक्ट्री की ओर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने रात में घेराबंदी शुरू की।
फैक्ट्री से कुछ दूरी पहले टीम को एक लाल रंग का ट्रैक्टर आता दिखा। वन विभाग ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक घबराकर ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे खेत में पलट गया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लकड़ी और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। वन क्षेत्राधिकार प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गुरसेल गांव में बिना अनुमति के आम के पेड़ों की कटाई की गई थी और इन्हीं लकड़ियों को फैक्ट्री तक पहुंचाया जा रहा था।
वन क्षेत्रा अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने कहा जांच कर वन माफियाओं पर उचित कार्रवाई की जाएगी।



