
रिपोर्ट:- आकांक्षा वर्मा
बाराबंकी। फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित छदवल चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने की हुई टक्कर। हादसे में सीतापुर निवासी 38 वर्षीय श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल श्रवण पुत्र रंजीत भागलपुर, थाना रामपुर मथुरा, जिला सीतापुर के रहने वाले हैं। वह गांव के एक मंदिर में राजमिस्त्री का काम करते हैं और किसी काम से निकले थे, तभी यह दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी बाइक पर सवार मौके से फरार हो गया, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल श्रवण को एक निजी वाहन से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। श्रवण के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। उपनिरीक्षक इंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




