कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना गांव में निर्माणाधीन फैक्ट्री के तालाब में डूब कर तीन बच्चों की मौत।
निर्माणाधीन फैक्ट्री में डूबने से तीन बच्चों की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम।

रिपोर्ट :- अंकित कुमार
निंदूरा, बाराबंकी। विकासखंड निंदूरा क्षेत्र में रविवार शाम निर्माणाधीन फैक्ट्री में पैर फिसलने से पानी में डूबे तीन बच्चों की मौत के बाद सोमवार को गांव में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद तीनों बच्चों के शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल के बीच भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तीनों शवों का अंतिम संस्कार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, देवा पुत्र गुड्डू गौतम, सुमित पुत्र शंकर तथा दिव्यांश पुत्र धर्मराज, निवासी बैना टीकरहार, रविवार शाम निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में पहुंचे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से तीनों बच्चे पानी में जा गिरे और डूब गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद जैसे ही तीनों बच्चों के शव गांव पहुंचे, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थिति को देखते हुए कुर्सी थाना प्रभारी सुदर्शन सिंह तथा बड्डूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण माहौल के बीच तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार कराया गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




