विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी समेत माइक्रो ऑब्जर्वर्स, पुलिस कर्मियों, वाहन चालकों, होमगार्ड का कराया जायेगा प्रशिक्षण
रिपोर्ट:-मो0 शमीम
बाराबंकी।जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ आदर्श सिंह द्वारा बताया गया कि विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी समेत माइक्रो ऑब्जर्वर्स, पुलिस कर्मियों, वाहन चालकों, होमगार्ड इत्यादि जिनकी ड्यूटी निर्वाचन में 27 फरवरी, 2022 को जनपद बाराबंकी में लगी है, का सामान्य प्रशिक्षण सत्र 16, 17, 18, 19 व 21 फरवरी, 2022 को जीआईसी ऑडिटोरियम बाराबंकी में कराया जायेगा। निर्वाचन आयोग द्वारा प्रशिक्षण के दौरान उक्त समस्त मतदान कार्मिकों सहित निर्वाचन प्रयोजनों के लिए अधिग्रहित वाहनों पर तैनात चालकों, हेल्परों, सफाई करने वालों आदि का भी डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराये जाने हेतु, प्रशिक्षण स्थल पर फैसिलिटेशन सेंटर बनाए जाने के निर्देश प्राप्त हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण स्थल के सम्मुख राजकीय बालिका इण्टर कालेज, बाराबंकी जहां पर ईवीएम प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसी प्रांगण के केडीसिंह बाबू ब्लाक में पृथक-पृथक विधान सभावार फैसिलिटेशन सेंटर बनाया गया है। फैसिलिटेशन सेंटर पर प्रातः 11 बजे से सायं 6 बजे तक दो सत्रों में कक्ष संख्या-01 में विधान सभा 266-कुर्सी, कक्ष संख्या-02 में 267-रामनगर, कक्ष संख्या-03 में 268-बाराबंकी, कक्ष संख्या-04 में 269-जैदपुर, कक्ष संख्या-05 में 270-दरियाबाद, कक्ष संख्या-06 में 272-हैदरगढ़ हेतु मतदान कर्मियों का मतदान कराया जायेगा।




