छात्राओं ने स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता की प्रभावी अलख जगाई।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा।
बाराबंकी। भैया करना है मतदान, भाभी करना है मतदान, चाचू करना है मतदान, मतदान ही है अपना स्वाभिमान… जैसे गीतों व नारो से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जैदपुर और नूर मोहम्मद इंटर कालेज जैदपुर की छात्राओं ने स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता की प्रभावी अलख जगाई। छात्राओं ने रंगोली बनाकर, नुक्कड़ नाटक कर और मशाल जुलूस निकाल कर 27 फरवरी को मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुश्री प्रिया सिंह ने मशाल जुलूस का नेतृत्व किया तथा पहली बार मतदान करने वाले, और बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को सम्मानित किया। हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया।

जागरूकता कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि स्वीप आइकॉन चाइल्ड लाइन 1098 के निदेशक रत्नेश कुमार, प्रगतिशील किसान पद्मश्री राम सरन वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी अश्विनी प्रताप सिंह ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जोर देते हुए सभी को 27 फरवरी को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जैदपुर की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजू श्रीवास्तव और नूर मोहम्मद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सर्वेन्द्र कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और जागरूकता कार्यक्रम का संयोजन किया। जागरूकता कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व नूर मोहम्मद इंटर कालेज के सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं सहित अभिभावकों और छात्र छात्राएं उपस्थित रहीं।




