कांग्रेस के टिकट वितरण में जुझारू और कर्मठ नेता की उपेक्षा का मुद्दा बैठक में छाया रहा।

रिपोर्ट:- शिवा वर्मा।
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक अहमदपुर चौराहा पर हुई। कांग्रेस के टिकट वितरण में जुझारू और कर्मठ नेता की उपेक्षा का मुद्दा बैठक में छाया रहा। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं की सर्वसम्मति से प्रस्ताव पत्र तैयार किया गया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी प्रस्ताव भेजकर दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में दिए गए टिकट पर पुनर्विचार करने के लिए अनुरोध किया गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के निष्ठावान वरिष्ठ कार्यकर्ता को टिकट न दिए जाने व एक अजनबी महिला को टिकट देने का विरोध भी किया।
बैठक में सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य व जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री आनंद कुमार शुक्ला ने की। बैठक में पूर्व महामंत्री आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस छोड़ चुके बेनी प्रसाद वर्मा के परिवारीजन को टिकट देना पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा है। इससे पार्टी के कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं। इससे उनमें उपेक्षा भी भावना भी जागृत हो रही है। कार्यकर्ता स्वयं को कुंठित महसूस कर रहे हैं। तेजकुमार शुक्ला ने कहा कि शिवशंकर शुक्ला जैसे कर्मठ व्यक्तित्व को पार्टी हाईकमान पुनः टिकट देकर चुनाव लड़ाए जिससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का असंतोष समाप्त हो। अहमदपुर चौराहे पर हुई हंगामी बैठक में बेनी प्रसाद वर्मा की पुत्रवधू चित्रा वर्मा को टिकट दिए जाने पर असंतोष जताया गया। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से एक अनुरोध पत्र तैयार कर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को भेजा गया। अनुरोध पत्र में कहा गया है कि पार्टी हाईकमान दरियाबाद विधानसभा चुनाव के लिए दिए गए टिकट पर एक बार पुनः विचार करके पार्टी के सक्रिय, ईमानदार, जुझारू व निष्ठावान कार्यकर्ता को टिकट देने पर एक बार पुनः विचार करे। अन्यथा की दशा में पार्टी के कार्यकर्ता में विद्रोह की स्थिति उत्पन्न होगी। बैठक में तेजकुमार शुक्ला, राम विलास प्रजापति, रमेश वर्मा, कृष्ण मोहन दीक्षित, मायाराम रावत, धुन्नी सिंह, सूरदास, फूलचंद सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




