
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखंड,पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा मनीष कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, मालदा के मार्गदर्शन एवं प्रदीप दास, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन), मालदा के पर्यवेक्षण में विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर छात्र-उन्मुख कार्यक्रमों का आयोजन केंद्रीय विद्यालय, मालदा तथा ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, साहिबगंज में किया गया।
विश्व धरोहर दिवस की पूर्व संध्या पर दिनांक 18 अप्रैल, 2026 को चित्रांकन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्मारकों, सांस्कृतिक धरोहरों एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के महत्व को अपने चित्रों एवं लेखों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को मनाया जाने वाला विश्व धरोहर दिवस, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्मारक एवं स्थल दिवस के रूप में भी जाना जाता है, मानवता की साझा सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु समर्पित है। इस वर्ष की थीम “Emergency Response for Living Heritage in Contexts of Conflicts and Disasters” है, जो संकट एवं प्राकृतिक आपदाओं के समय धरोहर स्थलों की सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करती है।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक किया गया तथा भावी पीढ़ियों के लिए इसके संरक्षण की आवश्यकता से अवगत कराया गया। यह आयोजन भारतीय रेल की धरोहर मूल्यों के संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने की सतत प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
मालदा मंडल ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में शैक्षिक सहभागिता, सांस्कृतिक चेतना एवं धरोहर संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।




