
रिपोर्टर:- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओबीसी मोर्चा की महामंत्री चंदा देवी ने नगर पंचायत राजमहल के कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगर क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में मुख्य रूप से शहर के प्रमुख सड़कों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई गई है। बताया गया कि जीरो लाइन के लेट के पास सड़क जर्जर हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसे शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा घर-घर नल योजना को सुचारू रूप से चालू करने की मांग की गई, ताकि लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।
वहीं भारी वाहनों के परिचालन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है। ज्ञापन में राजमहल के साहेबगंज रोड, कटघर, तीनपहाड़ और तालझारी मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन के लिए समय सीमा निर्धारित करने की बात कही गई है, जिससे आम लोगों को जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
इसके साथ ही नीमटोली व शमशान घाट के निकट जलजमाव की समस्या का भी उल्लेख करते हुए उसे जल्द दूर करने की मांग की गई है।
अंत में, साहेबगंज की तर्ज पर राजमहल में भी ऑटो रिक्शा व टोटो के लिए स्टैंड निर्धारित करने की मांग उठाई गई है, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।
ज्ञापन सौंपते हुए चंदा देवी ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।



