PET परीक्षा को लेकर बाराबंकी पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर किया औचक निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं, PET को लेकर बाराबंकी पुलिस का सुरक्षा पहरा सख्त।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए बाराबंकी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक महोदया श्रीमती रवीना त्यागी के आदेश के क्रम में जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, सुरक्षा इंतजामों और परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन का विशेष जोर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने और परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने पर है।
बाराबंकी पुलिस द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के अपनी परीक्षा दे सकें और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।



