देवा महोत्सव की मॉक ड्रिल में फायर विभाग की खुली पोल! पानी के लिए तरसी बुलेट बाइक।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। विश्व प्रसिद्ध देवा महोत्सव के आगाज से पहले अग्निशमन विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान फायर विभाग की बुलेट बाइक से पानी ही नहीं निकला।
आग बुझाने पहुंचे कर्मचारियों ने पाइप खोलकर भी काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अग्निशमन व्यवस्था और संसाधनों की कार्यक्षमता पर सवाल उठने लगे हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान बुलेट बाइक से पानी न निकलने की घटना ने आपातकालीन तैयारियों की पोल खोलने जैसी स्थिति पैदा कर दी। हालांकि, मौके पर मौजूद बड़ी दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का रिहर्सल पूरा कराया गया।
गौरतलब है कि आज शाम 5 बजे से विश्व प्रसिद्ध देवा महोत्सव की शुरुआत होनी है। ऐसे में महोत्सव में जुटने वाली भारी भीड़ और संभावित आपात स्थितियों के बीच अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियां अहम हैं। अब सवाल यह है कि मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई इस तकनीकी खामी को दूर करने के लिए विभाग क्या कदम उठाता है?




