
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज।झारखंड सरकार के उद्योग विभाग एवं झारखंड औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम (JIIDCO) द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के प्रदर्शन एवं प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विश्व बैंक समर्थित RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के तहत आज साहिबगंज में GST थीम पर आधारित उद्यमिता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के MSME उद्यमियों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना, उन्हें वस्तु एवं सेवा कर (GST) से संबंधित समुचित जानकारी प्रदान करना तथा उद्यमिता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना था। साथ ही, प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमियों ने भाग लिया तथा ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा का लाभ उठाया। इस पहल के माध्यम से जिले में औपचारिक MSME इकाइयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की गई। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा GST पंजीकरण, रिटर्न फाइलिंग, कर अनुपालन तथा व्यवसाय विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में श्री रमाकांत चतुर्वेदी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, साहेबगंज; श्री सत्यम कुमार, राज्य कर पदाधिकारी, साहेबगंज; श्री चन्द्रशेखर शर्मा, EoDB प्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र; श्री राजेश अग्रवाल, अध्यक्ष, ईस्टर्न चैम्बर ऑफ कॉमर्स, साहेबगंज; श्री रितेश पोद्दार, चार्टर्ड अकाउंटेंट; तथा श्री देवव्रत कुमार, जिला उद्यमी समन्वयक, मुख्यमंत्री लघु कुटीर एवं उद्यम विकास बोर्ड सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में उद्यमियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
