
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल संताल हूल के महानायक वीर सिद्धो-कान्हू की जयंती के अवसर पर राजमहल के माननीय विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने वीर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक एमटी राजा ने अपने संदेश में कहा कि सिद्धो-कान्हू केवल एक नाम नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, साहस और स्वाभिमान के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उनके द्वारा प्रारंभ किए गए ‘हूल’ यानी क्रांति के मार्ग को याद करने और मातृभूमि के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अमर शहीदों का जीवन अत्यंत संघर्षपूर्ण रहा है। सिद्धो-कान्हू और उनके साथियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन चलाया था। उनका यह संघर्ष न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक ने कहा कि आज जिस विकसित झारखंड की परिकल्पना की जा रही है, उसकी नींव इन वीर शहीदों के बलिदान पर ही टिकी हुई है। उनकी वीरता और त्याग हमें एक न्यायपूर्ण, समतामूलक और शोषणमुक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज को मिलकर उनके सपनों का झारखंड बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।
युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक एमटी राजा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश और राज्य का भविष्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सिद्धो-कान्हू जैसे महानायकों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
अंत में उन्होंने पुनः वीर शहीद सिद्धो-कान्हू सहित संताल हूल के सभी बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग और बलिदान सदैव हम सभी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता रहेगा।




