
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बांकुड़ी बाजार में मंगलवार को एक अनियंत्रित जुगाड़ वाहन (भुटभुटिया) के कारण बड़ा हादसा हो गया। बताया जाता है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के बाद वह सीधे एक दर्जी की दुकान में जा घुसा। इस घटना में एक पहाड़िया महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, वाहन तीनपहाड़ से बरहरवा की ओर जा रहा था, तभी बांकुड़ी के पास अचानक स्टेयरिंग फेल होने से यह हादसा हुआ। दुकान में घुसने से गोड्डई गांव निवासी चिंतामणि पहाड़िन (24) गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं, घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए नहीं ले जाने से नाराज पहाड़िया समुदाय के लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात कई घंटों तक बाधित रहा।
बाद में थाना प्रभारी मृृत्युंजय कुमार पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पुलिस ने चालक को तो तुरंत पकड़ लिया, लेकिन घायल महिला के इलाज को प्राथमिकता नहीं दी गई।



