
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स (DTF) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री कायाकल्प योजना, मुख्यमंत्री अस्पताल प्रबंधन एवं अनुरक्षण योजना, आयुष्मान भारत योजना, 15वां वित्त आयोग, PM-ABHIM तथा BPHU से संबंधित बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिले के सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।



