
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज।बरहेट मंगलवार को क्षेत्र के धार्मिक शिक्षण संस्थान जामिया इस्लाहुल मोमेनीन,बरहेट के प्रांगण में क्षेत्र के 28 गांव से मुस्लिम समाज के उलेमाओं,मस्जिदों के इमाम,गांव के सरदारों,सामाजिक कार्यकर्ताओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की एक अतिमहत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई l बैठक का मुख्य एजेंडा आने वाले ईद के मौके पर क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के धार्मिक स्थलों,दार्शनिक स्थलों तथा सार्वजानिक स्थलों में समाज के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हुड़दंग मचाने वाले लोगों पर लगाम लगाना है l जामिया के सदर मुजीबुर्रहमान द्वारा बैठक की अध्यक्षता किए जाने का प्रस्ताव सामाजिक कार्यकर्ता एजाज अंसारी ने रखा जिसका सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अली ने समर्थन किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ईद को सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी गांव तथा कस्बे के सभी जिम्मेदार व्यक्तियों को उठाना होगा l ईद के मौके पर कौम के नौजवान वर्गों से ऐसी कोई हरकत न हो जिससे मुस्लिम समुदाय को शर्मिंदगी का सामना करना पड़े तथा गैर समुदाय के धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचे l सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ईद के मौके पर शिवगादी बाबा धाम,भोगनाडीह सिद्धो-कान्हु पार्क या वैसे अन्य स्थलों पर मुस्लिम समाज के युवक,युवतियां या बच्चे घूमने फिरने के उद्देश्य से नहीं जाएं जहां किसी मानवीय भूल के कारण दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की संभावना हो। ज्ञात हो कि शिवगादी धाम इस क्षेत्र का एक प्रमुख प्राकृतिक स्थल है। ऊंची पहाड़ियों के बीच बसा यह स्थल देखने योग्य है एवं क्षेत्रवासियों के लिए एक आकर्षण का केंद्र है। सभी धर्मों व जातियों के लोग यहां साल भर घूमने फिरने आते हैं और ईद के मौके पर मुस्लिम समाज के लोग भी यहां अधिक संख्या में घूमने फिरने आया करते हैं। लेकिन क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों ने हिंदू भाइयों का शिवगादी से जुड़े धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखते हुए जामिया प्रांगण में बैठक कर अपने समाज के युवक युवतियों व बच्चों को खासकर ईद के मौके पर वहां जाने से परहेज करने को नसीहत दी है ताकि अपने समाज के किसी असामाजिक तत्व के कारण मुस्लिम समाज को शर्मिंदगी का सामना न करना पड़े और समाज में अमन और शांति का माहौल कायम रहे। इसको लेकर चिन्हित स्थलों पर सामाजिक स्तर से कुछ वॉलंटियर नियुक्त किए जाएंगे जो प्रशासन के तालमेल से शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी l
वहीँ 28 गांवों के सभी इमाम को मस्जिद में इसको लेकर अहम बैठक बुलाकर सख्त निर्देश देने की बात कही गई l

कमिटी की इस पहल से समाज में सुधार की सकारात्मक परिणाम अवश्य देखने को मिलेगा l
मौके पर प्रो० हाशिम अख्तर, पंसस रिजाउल रहमान,मौलाना जावेद अख्तर,मौलाना जियाउल हक फैजी,मौलाना शमीम अख्तर फैजी, मौलाना असद फैजी ,मौलवी अलाउद्दीन अंसारी, मौलवी मुजीबुर्रहमान इस्लाही,महफूज अंसारी,हाकिम अंसारी समेत क्षेत्र के सभी गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित थे l


