
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में गोपनीय कार्यालय में सहकारिता विभाग, आपूर्ति विभाग एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने राशन कार्ड निष्पादन एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में प्रगति लाने हेतु जन वितरण प्रणाली के डीलरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने नए राशन कार्ड निर्गमन तथा डीलर परिवर्तन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में निर्माणाधीन गोदामों की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसकी रिपोर्ट संबंधित वरीय पदाधिकारी को अविलंब समर्पित करें।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला सहकारी पदाधिकारी महादेव मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित संबंधित एजीएम एवं बीएसओ उपस्थित थे।


