
रिपोर्ट :-शिवा वर्मा (सम्पादक)
हरदोई। लखनऊ-पलिया नेशनल हाइवे पर दिनदहाड़े एक कपड़ा व्यापारी को गोली मारकर लुटेरों ने रुपयों से भरा बैग और सोने के जेवर लूट लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है, घायल व्यापारी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक, 27 वर्षीय रूपेश द्विवेदी, जो शाहबाद में कपड़े की दुकान चलाते हैं, दोपहर के वक्त हरदोई से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मिलन ढाबे के पास पहुंचे, बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने रूपेश के पास मौजूद एक लाख 20 हजार रुपए से भरा बैग छीन लिया। जब बदमाशों ने रूपेश के गहनों को लूटने की कोशिश की, तो उसने विरोध किया, जिसके बाद एक नकाबपोश बदमाश ने रूपेश के कंधे में गोली मार दी और सोने की चैन और अंगूठी छीनकर फरार हो गए ।पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




