
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार
साहिबगंज। वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत उद्यान विकास कार्यक्रम के तहत जिला साहिबगंज के बरहेट प्रखंड में कृषकों को पुष्प उत्पादन से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर बरहेट प्रखंड के कुल 84 कृषकों के बीच गेंदा फूल के पौधों का वितरण किया। यह वितरण जे एस एल पी एस की प्रगतिशील कृषक दीदियों के माध्यम से किया गया। जिससे कृषकों की आय में वृद्धि एवं स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके।
गेंदा फूल के पौधों का वितरण कार्यक्रम बरहेट प्रखंड के कुसमा पंचायत की माननीय मुखिया सुशीला हांसदा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कृषकों को पुष्प उत्पादन को अपनाकर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम स्थल पर उद्यान विभाग से प्रेम पासवान, बागवान मित्र बाबूजी देव सोरेन, उत्पल , जेएसएलपीएस के कर्मीगण सहित कई प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से इस पहल की सराहना करते हुए इसे कृषकों के लिए लाभकारी बताया।
उद्यान विभाग द्वारा बताया गया कि गेंदा फूल की खेती कम लागत में अधिक लाभ देने वाली फसल है, जिससे कृषकों को त्वरित आय प्राप्त होती है। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से कृषकों को तकनीकी सहयोग एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाते रहेंगे।




