Advertisement
बहराइच

कैसरगंज में भेड़िए का आतंक जारी, एक साल की मासूम को उठा ले गया — कई दिनों से दहशत, समाधान नदारद

रिपोर्ट -समित अवस्थी
बहराइच-जिले के कैसरगंज क्षेत्र में आदमखोर भेड़िए का आतंक कई दिनों से लगातार बना हुआ है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका है। शनिवार तड़के एक बार फिर भेड़िए ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। घर के बरामदे में मां के साथ सो रही एक साल की मासूम बच्ची को भेड़िया जबड़े में दबोचकर खेतों की ओर भाग गया।
घटना कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोडहिया नंबर–4 के मजरा जरूवा की है। पीड़ित राम कुमार की पुत्री अपनी मां राम कुमारी के साथ सो रही थी। अचानक हुए हमले से पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भेड़िए का पीछा किया, लेकिन घने गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
गौरतलब है कि कैसरगंज सहित आसपास के इलाकों में बीते कई दिनों से भेड़िए के हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद न तो भेड़िए को पकड़ने में सफलता मिली और न ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए कोई स्थायी व्यवस्था की जा सकी है। हर घटना के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचकर आश्वासन देकर लौट जाते हैं, लेकिन दहशत जस की तस बनी हुई है।
घटना की सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी, रेंजर सहित वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर खोज अभियान चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मासूम का कोई सुराग नहीं लग सका था।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। रात होते ही गांव में सन्नाटा छा जाता है और लोग भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि केवल खानापूर्ति की कार्रवाई न की जाए, बल्कि भेड़िए को पकड़ने या मार भगाने के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को इस आतंक से राहत मिल सके।

advertisement

UP BREAKING NEWS

UP BREAKING NEWS is a National news portal based in Barabanki, India, with a special focus on Uttar Pradesh. We reach netizens throughout the globe – anywhere, anytime on your laptop, tablet and mobile – in just one touch. It brings a beautiful blend of text, audio and video on Politics, National, International, Bureaucracy, Sports, Business, Health, Education, Food, Travel, Lifestyle, Entertainment, Wheels, and Gadgets. Founded in 2017, by a young journalist Shiva Verma. It particularly feeds the needs of the youth, courageous and confident India. Our motto is: Fast, Fair and Fearless.

Related Articles

Back to top button