पुलिस द्वारा फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज तैयार कर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले 03 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार।

रिपोर्ट-नीरज शर्मा
जनपद बरेली। घटना का संक्षिप्त विवरण/परिचयः- थाना बारादरी पुलिस द्वारा मिलिट्री इंटेलिजेंस, एसओजी एवं मुखबिर की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र आदि तैयार कर जनसाधारण के साथ धोखाधड़ी करने वाले 03 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है। सूचना एवं कार्यवाहीः-दिनांक 21.05.2026 को मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ इकाई बरेली, एसओजी टीम एवं मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम डौहरा स्थित शिव मंदिर के सामने संचालित “आव्या जन सेवा केन्द्र” पर कुछ व्यक्ति अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेज तैयार कर आम जनता से धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना पर थाना बारादरी पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जन सेवा केंद्र की जांच की गई। पूछताछ में संचालकों द्वारा कोई वैध रजिस्ट्रेशन प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच के दौरान मौके से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आधार कार्ड, प्रमाण पत्र एवं अन्य सामग्री बरामद हुई। थाना बारादरी पुलिस टीम द्वारा मौके से 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बारादरी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रेतर विधिक कार्यवाही करते हुये मा० न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।




