बाराबंकी में डंपर की टक्कर से युवक की मौत, सड़क पर शव रखकर परिजनों का हंगामा!
फरार डंपर को पकड़ने में लापरवाही का आरोप, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। देवा थाना क्षेत्र के विशुनपुर चौकी इलाके में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने फतेहपुर-बाराबंकी मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते फरार डंपर को पकड़ने में लापरवाही हुई। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि घटनास्थल के CCTV कैमरों की फुटेज अब तक क्यों नहीं खंगाली गई और घटना से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाने में देरी क्यों हुई।
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो फरार डंपर की पहचान कर उसे पकड़ा जा सकता था। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने से मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटी रही, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
हादसे में युवक की मौत के बाद अब फरार डंपर की तलाश और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों की मांग है कि मामले में प्रभावी कार्रवाई कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए।




