प्राथमिकता से किया जाए उद्यमियों की समस्याओं का समाधान : डीएम शशांक त्रिपाठी।
डीएम की अध्यक्षता में जिला श्रम बन्धु एवं उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जिला श्रम बन्धु समिति की बैठक में डीएम श्री शशांक त्रिपाठी ने सम्बन्धित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में होेने वाले औद्योगिक निवेश में तीव्रता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होने सभी अधिकारियों से उद्यमियों के आवेदन पत्रों पर अतिशीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन व अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति, यूपीएसआईडीसी कुर्सी रोड में दुकानदारों को शिफ्ट किए जाने संबंधी प्रकरण पर समीक्षा की। औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में नाली निर्माण एवं अवशेष सड़कों का निर्माण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना एवं मुख्य प्रवेश द्वार प्रशासनिक भवन में विद्युत कार्य तथा सौंदर्यीकरण संबंधी प्रकरण पर चर्चा की गई, औधोगिक क्षेत्र माती में सड़क एवं जल निकासी के लिये नाला निर्माण पर चर्चा की गई। ईज ऑफ़ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने अपने विभाग से संबंधित पोर्टल पर प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयान्तर्गत निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी नवाबगंज आनन्द कुमार तिवारी, उपायुक्त उद्योग, सहायक श्रमायुक्त, उपायुक्त वाणिज्य कर एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण, व्यापारी और उद्यमीगण उपस्थित रहे।




