
रिपोर्ट :-शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुवार की रात को एक दलित युवक की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार को मृतक का शव सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान फतेहपुर-सूरतगंज रोड को जाम कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सीओ सहित कई थानों की पुलिस तैनात हो गई।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के चन्दूरा गांव में एक दर्दनाक घटना घटित हुई। मृतक दलित युवक अजय कुमार, जो गांव के ही अभिनव अवस्थी के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर धान लाने गया था, उसकी देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों को जब इस हादसे की जानकारी मिली तो वे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें अजय मृत अवस्था में मिला।
भाई बोला- आरोपियों ने दी गंदी गालियां, हत्या की बात स्वीकारी।
मृतक के भाई मनोज कुमार ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनका भाई अजय को गांव के अभिनव अवस्थी ने मजदूरी के लिए बुलाया था। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें सूचना दी गई थी कि उनका भाई सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो उनका भाई अजय मृत अवस्था में मिला। मनोज के मुताबिक, जब उन्होंने इसकी जानकारी लेने की कोशिश की तो गांव के ही अभिनव अवस्थी, राजेश अवस्थी और नंगू मिश्रा ने जातिवादी गालियां देते हुए मारपीट की और अजय की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने मोहम्मदपुर खाला चौराहे पर शव रखकर फतेहपुर-सूरतगंज रोड जाम कर दिया। इस दौरान परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस बोली- तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटनास्थल पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जगत राम कनौजिया सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और मोर्चा संभाल लिया पुलिस मृतक के परिजनों को समझाने में जुटी है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें गिरफ्तार भी किया जा चुका है।




