रिपोर्ट मंडल प्रतिनिधि समित अवस्थी अयोध्या
बाराबंकी अपर जिलाधिकारी (वि/रा0)/जिला खरीद अधिकारी द्वारा बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2022-23 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत मोबाइल क्रय केन्द्रों के माध्यम से गेहूं क्रय किये जाने हेतु निर्देश दिये गये है। क्रय केन्द्र प्रभारी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं एवं ग्राम प्रधानों से वार्ता की जायेंगी तथा जिस ग्राम में ट्रक लोड गेहूं क्रय की सम्भावना हो, वहॉ मोबाइल क्रय केन्द्र के माध्यम से पंचायत भवन में गेहूं क्रय किया जायेगा तथा वहीं से क्रय गेहूं भारतीय खाद्य निगम से सम्बद्ध डिपो पर गेहूं प्रेषित करेगा। क्रय केन्द्र प्रभारी मोबाइल क्रय केन्द्र के माध्यम से खरीद की तिथि से ग्राम प्रधान एवं सम्बन्धित उचित दर विक्रेता को सूचित करेंगे तथा ग्राम प्रधान/उचित दर विक्रेता गांव में स्थित किसानों को मोबाइल टीम के आने की सूचना गांव के किसानों को पूर्व में उपलब्ध करायेंगे। मोबाइल क्रय केन्द्र का संचालन करने वाली टीम सम्बन्धित गांव के सार्वजनिक स्थल यथा- पंचायत भवन, उचित दर विक्रेता की दुकान पर गेहूं क्रय सम्पादित करेगी। क्रय केन्द्र प्रभारियों के नाम एवं टेलीफोन नम्बर का प्रचार-प्रसार कराया जायेगा, ताकि उत्पादक क्षेत्र के किसान स्वयं केन्द्र प्रभारी से सम्पर्क कर मोबाइल क्रय केन्द्र की सुविधा प्राप्त कर सकें। मोबाइल क्रय केन्द्र के माध्यम से क्रय हेतु सम्बन्धित ग्राम से भारतीय खाद्य निगम के डिपो तक की वास्तविक दूरी का भुगतान टेन्डर की दरों के अनुसार परिवहन ठेकेदार को किया जायेगा।
समस्त कृषक बन्धुओं से अपील है कि रबी विपणन वर्ष 2022-23 में मूल्य समर्थन योजनान्तर्गत जनपद में मोबाइल क्रय केन्द्रों के माध्यम पर अपने गेहूं विक्रय हेतु जिला खाद्य विपणन अधिकारी, बाराबंकी के कार्यालय के दूरभाष नम्बर- 8009139300 पर सम्पर्क कर गेहूं विक्रय किया जा सकता है तथा गेहूं खरीद से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की समस्या/शिकायत का त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है।




