जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों, मौलवियों, एवं धर्मगुरूओं के साथ बैठक करते हुए….।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा / यूपी ब्रेकिंग न्यूज
बाराबंकी। ईदुज्जुहा (बकरीद) के दृष्टिगत जनपद में कानून एवं शांन्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित डीआरडीए गांधी सभागार में मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों, मौलवियों, एवं धर्मगुरूओं के साथ बैठक करते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का आवाहन किया।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को नगरीय क्षेत्रों तथा जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों के आस पास साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चैराहों तथा निर्धारित स्थलों पर कूडा ट्राली तथा बडे डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। कुर्बानी दिये जाने वाले पशुओं के अवशेष को डिस्पोजल करने के लिए गड्ढे खुदवा ले। उन्होने कहा कि ऐसे स्थानों को अवश्य चिन्हित कर ले। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत सप्लाई की व्यवस्था सुचारू रूप से आपूर्ति करने के निर्देश दिए। उपस्थित लोगों से कहा कि अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करें कि सोशल मीडिया पर कुर्बानी से संबंधित चलचित्र एवं अफवाहों संबंधी चलचित्र का प्रेषण न किया जाये। साथ ही उन्हें अवगत करायें कि ऐसा करने वालों को चिन्हित करते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये जाये। कानून एवं शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए। समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस व थाना अध्यक्ष सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या न हो जिसके लिए पहले से ही तैयारी पूर्ण कर लें। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाये। अनावश्यक एवं भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनपद के सभी निकाय क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों में साफ सफाई, विद्युत तथा जलापूर्ति पर विशेष रूप से फोकस किया जाये। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप विद्युत की सप्लाई सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रतिबन्धित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं दी जानी चाहिए इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी पशु की कुर्बानी नहीं दी जायेगी। बकरीद पर विशेष एहतियात बरतें साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि नमाज के समय कोई व्यवधान उत्पन्न न हो आने-जाने वाले मार्ग किसी भी दशा में बाधित नहीं होने चाहिए और नमाज स्थल पर अथवा उसके आस-पास आवारा जानवरों का विचरण न हो इसके लिए पूर्व से ही आवश्यक व्यवस्था कर ली जायें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ईदुज्जुहा बकरीद तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासन की ओर से समस्त व्यवस्थाओं को समय सुनिश्चित कर लिया जायेगा। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से कहा कि शासन के दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहते हुए समय समय पर संदिग्ध स्थानों पर भ्रमण भी करेंगे। जिससे कोई अप्रिय घटना न घटित हो।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत, तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजन, मौलवी, धर्मगुरू आदि मौजूद रहे।




