
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज (राजमहल) अनुमंडल अस्पताल राजमहल में उपाधीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उधवा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान आयुष्मान केंद्रवार (मंदिरवार) समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं की उपलब्धियों और कमियों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है। जिन कर्मियों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया, उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए अंतिम चेतावनी दी गई कि भविष्य में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही 100 दिवसीय टीबी खोज पखवाड़ा को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी फ्रंटलाइन वर्करों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में बैठक के दौरान ही स्वास्थ्य कर्मियों का चेस्ट एक्स-रे भी कराया गया, जिसमें राजमहल क्षेत्र के कुल 84 तथा उधवा क्षेत्र के 26 कर्मियों की जांच की गई। इसका उद्देश्य टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना है।
बैठक में कालाजार एवं यक्ष्मा (टीबी) नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को जिला स्तर से प्राप्त प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने इन कर्मियों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सह लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक संजय यादव, वीबीडी (वेक्टर जनित रोग) पर्यवेक्षक मनीष टुडू, अनिल पाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।


