तहसील रामनगर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।

रिपोर्ट:- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में सितम्बर माह के तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए तहसील रामनगर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने आये हुए फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई की और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन की उपयोगिता, उपादेयता व सार्थकता को बनाए रखें। इसके लिए प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें जिससे लोगों को राहत महसूस हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को सुझाव दिया कि अपने स्तर पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों की नियमित रूप से समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित सभी संदर्भों का तत्काल निस्तारण कराया जाय।

तहसील रामनगर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 105 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। राजस्व विभाग से सम्बन्धित 36 प्रार्थना पत्र, पुलिस विभाग से सम्बन्धित 22 प्रार्थना पत्र, विकास विभाग से सम्बन्धित 17 प्रार्थना पत्र, पूर्ति विभाग से सम्बन्धित 20 प्रार्थना पत्र, विद्युत विभाग से सम्बन्धित 04 प्रार्थना पत्र, अन्य विभाग से सम्बन्धित 06 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। मौके पर कुल 08 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी रामनगर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




