रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
कृषि संबंधी पर्यटन गतिविधियों के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के पास कोई योजना नहीं है। हालांकि, ग्रामीण पर्यटन सहित पर्यटन स्थलों और उत्पादों का विकास और संवर्धन संबंधित राज्य सरकार/संघ शासित प्रदेश (यूटी) प्रशासन द्वारा किया जाता है। पर्यटन मंत्रालय अपनी केंद्रीय क्षेत्र की योजनाओं ‘स्वदेश दर्शन (एसडी)’, ‘तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद)’ और ‘पर्यटन अवसंरचना विकास के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सहायता’ के माध्यम से राज्य सरकारों/संघ शासित प्रदेशों के प्रशासनों को वित्तीय सहायता प्रदान करके देश में पर्यटन अवसंरचना विकास के प्रयासों को पूरा करता है। ग्रामीण सर्किट को स्वदेश दर्शन योजना के तहत विषयगत सर्किटों में से एक के रूप में पहचाना गया है।
पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन योजना को स्वदेश दर्शन 2.0 (एसडी 2.0) के तौर पर नया रूप दिया है, जिसका उद्देश्य गंतव्य और पर्यटक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए टिकाऊ और जिम्मेदार पर्यटन स्थलों को विकसित करना है।
पर्यटन मंत्रालय ने भारत में ग्रामीण पर्यटन के विकास और ग्रामीण होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय रणनीति भी तैयार की है।”
यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।




