
रिपोर्ट:-शिवा वर्मा।
दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में बुधवार की शाम तेज हवा चलने, हल्की बारिश और ओले गिरने से मौसम सुहाना हो गया. इसी के साथ गर्मी से भी लोगों को बड़ी राहत मिली. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है. इस दौरान आसमान में हल्के से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बिजली गिरने का अनुमान है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार से तापमान बढ़ना फिर शुरू हो जाएगा, लेकिन सोमवार तक लू के प्रकोप से राहत बनी रहेगी. मंगलवार से एक बार फिर लू का दौर शुरू हो जाएगा.
गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 ज्यादा 28.8 और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 ज्यादा 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
हवा में नमी का स्तर 37 से 64 प्रतिशत तक रहा.
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आसमान में हल्के से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
नोएडा में अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम साफ रह सकता है.
गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. यहां भी मौसम साफ रहने का अनुमान है
दिल्ली में मध्यम श्रेणी में पहुंचा ‘प्रदूषण’
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार गुरुवार की सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘मध्यम’ श्रेणी में 173 दर्ज हुआ है. वहीं नोएडा में एक्यूआई 180, जबकि गुरुग्राम में 179 रिकॉर्ड हुआ है. आपको बता दें कि एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है.




