कानपुर में अधिवक्ता की अपहरण के बाद निर्मम हत्या, गुजैनी नहर में मिला शव; तीन संदिग्ध हिरासत में।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
कानपुर। अधिवक्ता के अपहरण के बाद हत्या की सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक का शव कानपुर के गुजैनी नहर में बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। मृतक कालपी बार संघ के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता की हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कानपुर और जालौन पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी है। पुलिस अपहरण से लेकर हत्या तक की पूरी कड़ी खंगाल रही है। साथ ही हत्या के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस वारदात के बाद अधिवक्ता समाज में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और हत्याकांड के खुलासे पर टिकी हैं।




