पढ़ाई सहित हर क्षेत्र में अव्वल रहे विद्यार्थी – दिव्या ओझा

रिपोर्ट:-सर्वेश कुमार
विद्यार्थी जीवन में सफलता की पहली सीढ़ी गुरू और माता-पिता है। विद्यार्थी की सफलता पर जितनी खुशी माता-पिता को होती है उससे कहीं ज्यादा खुशी गुरुजनों को होती है। परिवार से ज्यादा महत्व अपने कर्तव्य को देना चाहिए क्योंकि वहां सैकड़ों लोगों का हित जुड़ा होता है। कहीं भी यदि अन्याय हो रहा हो तो खुलकर बिना डरे उसका विरोध करें, शासन-प्रशासन आपकी मदद करने के लिए तत्पर है।
उक्त बातें नगर के सीता इंटर कालेज के विशाल शास्त्री सभागार में उपजिलाधिकारी महमूदाबाद दिव्या ओझा ने शास्त्री सम्मान श्रृंखला में उत्कृष्ठ कार्य करके समाज को नई दिशा देने वाले समाजसेवियों तथा विभिन्न कक्षाओं में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को सम्मानित करते हुए कही। उन्हांने कहा कि विद्यार्थी को केवल पढ़ाई में ही नहीं वरन हर क्षेत्र में अव्वल आने की ललक होनी चाहिए। गुरुजन हमसे सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने की अपेक्षा रखते हैं जिसे पूरा करना विद्यार्थियों का नैतिक दायित्व है। सीता ग्रुप आफ एजूकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महमूदाबाद तहसील को लंबे अर्से के बाद मृदुभाषी, सरल, सौम्य तथा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत दिव्या ओझा जैसी एसडीएम मिली हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों का आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भारत माता तथा महेंद्र कुमार शास्त्री सरल के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। मुख्य अतिथि का स्वागत सीता ग्रुप आफ एजूकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी, डिप्टी मैनेजर वागीश दिनकर, जूनियर वर्ग के प्रधानाचार्य अनंत रत्नम, एसआर वर्मा, आदर्श जायसवाल आदि ने स्मृति चिन्ह भेंटकर किया। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले 21 लोगों तथा विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 84 विद्यार्थियों सहित कुल 105 लोगों को माल्यार्पण करके स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।




