
गणतंत्र दिवस से पूर्व फुल ड्रेस रिहर्सल का उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने किया निरीक्षण।
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
,
साहिबगंज। गणतंत्र दिवस की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।मुख्य समारोह स्थल सिद्धों कान्हो स्टेडियम में भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही आज पुलिस जवानों, चौकीदार, एनसीसी के छात्र ने फुल ड्रेस रिहर्सल परेड किया। जिसका निरीक्षण उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने तिरंगे को सलामी दी। इस क्रम में टुकड़ियों ने परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान सार्जेट मेजर और सार्जेट द्वारा पूर्वाभ्यास करने वाले जवानों और पुलिस पदाधिकारियों का नेतृत्व किया। उपायुक्त ने सभी जवानों और पुलिस पदाधिकारियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए परेड को लेकर आवश्यक निर्देश दिये।परेड के पूर्वाभ्यास से पहले उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सिद्धों- कान्हो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने ध्वजारोहण का पूर्वाभ्यास किया एवं जवानों की टुकड़ियों द्वारा किये गए परेड की सलामी ली। मौके पर स्कूली छात्राओं की ओर से राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास किया गया।
वहीं उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए। मुख्य समारोह स्थल पर अतिथियों और लोगों की बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन भी निर्धारित है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन 25 जनवरी संध्या 6:00 बजे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय (टाउन हॉल) साहिबगंज में किया जाना है।
मुख्य आयोजन स्थल पर परेड के पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के अलावे अपर समाहर्ता गौतम भगत, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, ज़िले के वरीय पदाधिकारी गण एवं अन्य उपस्थित थे।



