बदायूं में डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; 180 लीटर चोरी का डीजल बरामद।
गंगा एक्सप्रेसवे के पास ट्रक की टंकी का ताला तोड़कर उड़ाया था डीजल, ढाबों पर सस्ते दामों में बेचने का आरोप।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बदायूं। उघैती पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 180 लीटर चोरी का डीजल, चार खाली ड्रम, एक आयशर कैंटर और चोरी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से डीजल चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा एक्सप्रेसवे के करनपुर टोल प्लाजा के पास खड़े एक ट्रक की टंकी का ताला तोड़कर डीजल चोरी किया गया था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य चोरी का डीजल ढाबों पर कम दामों में बेचते थे। मामले में सुराग जुटाने के बाद थानाध्यक्ष उघैती उदयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब खान निवासी बदायूं, दानिश निवासी बुलंदशहर और नौसेर निवासी जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई को डीजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




