
रिपोर्ट: – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज श्री अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विधिक जागरूकता एवं शपथ-ग्रहण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत स्तर पर पदस्थापित विधिक स्वयंसेवकों – न्याय मित्रों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों को लोकतंत्र के महत्व, मताधिकार के प्रयोग तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित नागरिकों को यह शपथ दिलाई गई कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के करेंगे तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान महिला, युवा एवं प्रथम बार मतदाता बने नागरिकों को विशेष रूप से मतदान के अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित भ्रांतियों को दूर किया गया।
उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
इस संबंध में जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज के सचिव श्री विश्वनाथ भगत ने देते हुए बताया कि विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा, ताकि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाया जा सके।


