थाने से महज 800 मीटर दूर दो घरों को चोरों ने बनाया निशाना, एक घर से जेवरात व नकदी चोरी, दूसरे में प्रयास विफल।

थाने से महज 800 मीटर दूर दो घरों को चोरों ने बनाया निशाना, एक घर से जेवरात व नकदी चोरी, दूसरे में प्रयास विफल।
रिपोर्ट :- अंकित कुमार वर्मा
निन्दूरा बाराबंकी। थाना घुंघटेर क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बुधवार देर रात थाने से महज 800 मीटर की दूरी पर स्थित दो गांवों में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में सेंध लगाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए, जबकि दूसरे घर में चोरी का प्रयास गृहस्वामी की सतर्कता के चलते विफल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, सरैया गांव निवासी मतीन पुत्र रशीद के मकान में चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर प्रवेश किया। पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें बूंदे, तीन ठप्पे की माला, हाथ का फूल, मांग टीका, पायल, एक ठप्पे की माला सहित लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।
इसी रात सरैया गांव से करीब 100 मीटर पहले स्थित बन्देला गांव निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा पुत्र बड़काऊ के घर को भी चोरों ने निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि, गृहस्वामी की सतर्कता के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि जब थाने से महज 800 मीटर की दूरी पर स्थित गांवों में रहने वाले लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरे थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।




