Advertisement
झारखंडभारत
Trending

दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला-सह-फल एवं सब्जी प्रदर्शनी का सफल समापन ।

 

रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा

साहिबगंज। संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर, साहिबगंज में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला-सह-फल एवं सब्जी प्रदर्शनी का सफल समापन शुक्रवार को हुआ। मेले के दूसरे दिन अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज एवं संयुक्त कृषि निदेशक, संताल परगना प्रमंडल, दुमका द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया।

मेले के प्रथम सत्र में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र, साहिबगंज के वैज्ञानिकों द्वारा केंचुआ खाद, नीम खाद, जीरो एनर्जी कूल चेंबर, मल्चिंग, सोलर ड्रायर एवं जैविक खेती से संबंधित तकनीकों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के न्यूनतम प्रयोग एवं जैविक खाद, कम्पोस्ट और जीवामृत के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई।

विज्ञापन

जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना एवं किसान समृद्धि योजना की जानकारी दी गई तथा किसानों से अधिक से अधिक मिलेट फसल अपनाने का आह्वान किया गया। अनुमोदित दर पर सोलर पम्पसेट अधिष्ठापन पर भी चर्चा की गई। जिला उद्यान पदाधिकारी द्वारा उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

विज्ञापन 2

विज्ञापन 3

द्वितीय सत्र में किसानों के बीच कृषि क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 30 प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले किसानों को कुदाल एवं नेनो डीएपी पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए। कृषि क्विज में किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

विज्ञापन 4

प्रदर्शनी के दौरान कुल 44 फसल समूहों में 130 किसानों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में बड़े स्टील बाल्टी, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 42 कुदाल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 44 केन एवं हैंडस्प्रेयर वितरित किए गए। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

विज्ञापन 5

कृषि विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन प्रखंड कृषि पदाधिकारी, तीन तकनीकी प्रबंधक एवं तीन सहायक तकनीकी प्रबंधक को सम्मानित किया गया। साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच कृषक मित्रों को ₹5000 की प्रोत्साहन राशि एवं मिल्टन वाटर बोतल प्रदान की गई। डिजिटल क्रॉप सर्वे योजना अंतर्गत तीन सर्वश्रेष्ठ प्राइवेट सर्वेयर को भी सम्मानित किया गया।

मेले के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र एवं जिला उद्यान कार्यालय द्वारा प्रशिक्षित महिला किसानों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। दूसरे दिन मेले का मुख्य आकर्षण हाइड्रोपोनिक्स, सोलर पम्प, तसर सिल्क, प्राकृतिक कृषि मॉडल, केज कल्चर, ड्रोन तकनीक, आकांक्षा हाट एवं मशरूम की खेती रहा।

इस दो दिवसीय कृषि मेले में हजारों किसानों ने भाग लिया। किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्नत तकनीक अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सुरक्षित यातायात संबंधी जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक, संताल परगना प्रमंडल, दुमका, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज, जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी/कर्मी, स्वयंसेवी संस्थान, निजी संस्थान सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे।

advertisement

Related Articles

Back to top button