
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल प्रखंड परिसर में सोमवार, 27 अप्रैल 2027 को आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर प्रगणकों (Enumerators) एवं सुपरवाइजरों के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल तीन बैच बनाकर प्रतिभागियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का संचालन जिला स्तर के फील्ड ट्रेनरों द्वारा किया जा रहा है, जो प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं एवं आधुनिक डिजिटल माध्यमों के उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दे रहे हैं। पहले दिन के सत्र में हाउस लिस्टिंग (गृह सूचीकरण) सर्वे के महत्व, प्रक्रिया एवं इसके विभिन्न चरणों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके लिए विशेष मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिसके जरिए प्रगणक प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवारों की विस्तृत जानकारी एकत्रित करेंगे। प्रशिक्षण में ऐप के उपयोग, डेटा एंट्री, सत्यापन प्रक्रिया एवं तकनीकी त्रुटियों से बचाव के उपायों को भी विस्तार से समझाया गया।
चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ मो. यूसुफ ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें सटीकता और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि सही आंकड़े तैयार हो सकें और योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।

प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को व्यवहारिक अभ्यास (प्रैक्टिकल) भी कराया गया, जिससे वे ऐप आधारित सर्वेक्षण प्रणाली को बेहतर ढंग से समझ सकें। साथ ही, संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।
इस मौके पर प्रभारी प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी मो. शम्स आजम, पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, बीपीओ गगन बापू, प्रखंड समन्वयक सह प्रभारी डीपीएम अभिजीत कुमार, निरंजन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रशिक्षक के रूप में राजीव कुमार शर्मा, राजू झा, संतोष कुमार महतो, विनीत कुमार, निलेश कुमार तिवारी एवं मो. बरकत अली ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करते हुए आगामी जनगणना कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया।



