
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल शहर के वार्ड नंबर 7 स्थित मनोरमा बैंक्वेट हॉल में बुधवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बरकत खान ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और बीएलए (Booth Level Agent) मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जागरूक करना तथा इसे सफलतापूर्वक लागू करने की रणनीति तैयार करना था।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष बरकत खान ने पंचायत अध्यक्षों और बीएलए को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वे तुरंत अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएं और घर-घर जाकर मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित सही और पूरी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में बीएलए मास्टर ट्रेनर हेरालाल साहा और मुर्सलीम खान ने विस्तार से एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को समझाया। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया की सफलता के लिए सही जानकारी, समय पर कार्रवाई और दस्तावेजों की सटीक जांच बेहद आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची, त्रुटियों को सुधारने के तरीके और तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार छोटी-छोटी गलतियों के कारण लोगों के नाम मतदाता सूची से छूट जाते हैं या गलत दर्ज हो जाते हैं, इसलिए हर बीएलए को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनहित के इस कार्य को प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर एनुल अंसारी, मो. इकबाल, तनवीर राजा, डॉ. सद्दाम हुसैन, ताबिश इकबाल, सुभाष मित्रा, मो. सनाउल्लाह, बुलंद अख्तर, लक्ष्मण मंडल, प्रदीप चौधरी, गंगाधर साहा, टिंकू कुमार, विष्णु, सोहेल अंसारी, संजीत स्वर्णकार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर एसआईआर प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे।



