
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल, 2 अप्रैल 2026: प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, राजमहल एवं अनुमंडल अस्पताल, राजमहल के उपाधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार को प्रखंड टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सभी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में किसी प्रकार की कोताही या निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में विफल रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने को कहा।
इस अवसर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर शिक्षा विभाग से आए प्रतिनिधि को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चियों को जल्द से जल्द टीकाकरण से आच्छादित किया जाए।

वहीं, बाल विकास परियोजना राजमहल की महिला पर्यवेक्षिका को कुपोषण उपचार केंद्र में चिन्हित कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही यक्ष्मा (टीबी) उन्मूलन को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। इस दौरान यक्ष्मा पर्यवेक्षक संजय यादव के कार्यों की सराहना की गई और 100 दिवसीय टीबी खोज अभियान में निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि सुनील रंजन, वीबीडी पर्यवेक्षक मनीष टुडू, डेनियल किस्कू, सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




