
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहेबगंज। मनरेगा दिवस के अवसर पर आज साहेबगंज जिला अंतर्गत सभी पंचायतों में व्यापक स्तर पर प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मनरेगा से जुड़े नारों के साथ प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को योजना के उद्देश्यों एवं लाभों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मनरेगा के अंतर्गत 100 दिन के रोजगार, श्रमिकों के अधिकार, मजदूरी भुगतान, कार्य की मांग (Work Demand) एवं पारदर्शी कार्य प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पंचायत स्तर पर e-KYC कैंप का आयोजन किया गया, साथ ही पात्र लाभुकों को जॉब कार्ड का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर इच्छुक श्रमिकों से काम की मांग हेतु आवेदन प्राप्त किए गए, ताकि उन्हें समयबद्ध रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत 100 दिन का कार्य पूर्ण करने वाले लाभुकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिनके साथ मनरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण रोजगार सृजन एवं योजना को और अधिक जनोन्मुखी बनाने पर चर्चा की गई।
मनरेगा दिवस के माध्यम से जिले में यह संदेश दिया गया कि मनरेगा न केवल रोजगार का साधन है, बल्कि ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं अधिकारों की सुरक्षा का एक मजबूत आधार भी है।



