
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज।उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग अंतर्गत संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं—ज्ञान केंद्र, पंचायत एवं पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण, ‘मेरा गाँव मेरी धरोहर’ तथा मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में सभी पंचायत सचिवों, प्रखंड समन्वयकों एवं बी०एल०ई० को पोर्टल पर डाटा एंट्री का कार्य ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं की प्रगति का सही आकलन सुनिश्चित किया जा सके।अनुश्रवण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी प्रखंड समन्वयकों एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों (BPRO) को साप्ताहिक रूप से अनिवार्य क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, क्षेत्र भ्रमण के उपरांत प्रत्येक सप्ताह निरीक्षण प्रतिवेदन (Inspection Report) जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया, जिससे योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे।बैठक के दौरान ‘मेरा गाँव मेरी धरोहर’ योजना पर कोमल सिंह द्वारा ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं, प्रभारी डीपीएम अभिजीत कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के संदर्भ में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा ससमय प्रविष्टि के महत्व पर विशेष बल दिया गया।उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमीनी स्तर तक पहुँचे, इसके लिए आपसी समन्वय एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

