गौशाला में भीषण आग शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान, 25 गायें सुरक्षित निकाली गईं।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के मझपुरवा गांव में बुधवार रात एक निजी गौशाला में भीषण आग लग गई। जनरेटर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और गौशाला में मौजूद 20-25 गायों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे हुई। गौशाला मालिक उमाशंकर राय ने बताया कि आग लगते ही उनके कर्मचारियों ने तुरंत गौशाला में बंधी गायों को खोलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी।
गौशाला में गायों के अलावा कुत्ते, खरगोश और मुर्गियां जैसे अन्य पशु भी पाले जाते हैं।
गौशाला मालिक के अनुसार, आग से लगभग 50 लाख रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ है घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और स्थानीय जहांगीराबाद थाना प्रभारी को दी गई हालांकि, मौके पर पहुंचने में फायर ब्रिगेड की गाड़ी को रास्ता न होने के कारण परेशानी हुई रास्ता न मिलने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी का इंतजाम कर आग बुझाने का प्रयास किया।
गुरुवार सुबह 10:30 बजे तक भी गौशाला में आग सुलग रही थी इस मामले में जहांगीराबाद थाना प्रभारी डी.पी. शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है।




