भैंस चोरी गैंग का पुलिस ने किया भंडाफोड़, 9 शातिर चोर गिरफ्तार।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
बाराबंकी। जनपद की थाना सफदरगंज पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक पड़वा (भैंस का बच्चा), तीन अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, 9,300 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक महिंद्रा पिकअप, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सफदरगंज पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का संगठित गिरोह बाराबंकी समेत आसपास के जनपदों में पहले रेकी करता था और फिर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी किए गए पशुओं को रास्ते में या पशु बाजारों में बेच दिया जाता था।
जांच में यह भी पता चला कि 10/11 जुलाई 2026 की रात थाना सफदरगंज क्षेत्र के ग्राम लक्षबर बजहा से एक भैंस और एक पड़वा चोरी किया गया था। आरोपियों ने भैंस को पिकअप वाहन में लादकर रास्ते में बेच दिया, जबकि पड़वा बरामद कर लिया गया है। इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में बाराबंकी और सीतापुर जनपद के निवासी शामिल हैं। इनमें कई अभियुक्तों के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, तीन आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
सफदरगंज पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है और चोरी के अन्य मामलों में भी इनसे पूछताछ की जा रही है।




