सालों से बंद पड़ी बुढ़वल चीनी मिल को चलवाने को लेकर निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें एक मांग पत्र दिया।

रिपोर्ट :- आकांक्षा वर्मा।
बाराबंकी। रामनगर विधानसभा क्षेत्र में अधूरी पड़ी विकास की कई योजनाओं को पूरा करवाने व सालों से बंद पड़ी बुढ़वल चीनी मिल को चलवाने को लेकर निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें एक मांग पत्र दिया।
मुख्यमंत्री ने मांगो को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पूरा करवाने का आश्वासन दिया है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिए मांग पत्र में शरद अवस्थी ने कहा है कि लोधेश्वर महादेवा मंदिर कॉरिडोर बनाने के लिए 48 करोड रुपए का बजट घोषित किया गया था लेकिन संपूर्ण धनराशि अभी तक नहीं मिली है, जिससे अधिग्रहण कार्य अधूरा पड़ा है।
शेष धनराशि दिलाने की आवश्यकता है ताकि आगे कार्य बढ़ सके।
हेतमापुर बाबा नारायण दास मंदिर से लोधेश्वर धाम महादेवा तक भक्त सड़क पर लेट कर परिक्रमा करते हुए आते हैं। यह सड़क कम चौड़ी है जिससे काफी दिक्कतें व हादसे होते है। इसे सात मीटर चौड़ा कराया जाना जरूरी है।
पत्र मे आगे मांग की गई है कि सूरतगंज से हेतमापुर तक भी सड़क सात मीटर कराई जाए।
रामनगर के चंदनापुर में एक साल से आईटीआई भवन बन कर तैयार है मगर उसे चलाया नहीं जा रहा जिससे स्थानीय छात्र छात्राओं को व्यवसायिक शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है, इसे चालू कराया जाए।
शरद अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया कि सालों से बंद पड़ी बुढ़वल शुगर मिल के लिए वर्ष 2021-22 में 85 करोड़ का प्रावधान किया गया था किंतु मिल में कोई कार्य नहीं शुरू हुआ है।
शरद अवस्थी ने मिल निर्माण के संदर्भ में उचित कार्रवाई की मांग की है।
रामनगर में तहसील स्तर पर राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय महाविद्यालय के निर्माण की भी मांग पत्र में शामिल है।
शरद अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सार्थक बातचीत करते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।




