सेवानिवृत्त 04 पुलिस कर्मियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा गरिमामय सम्मान एवं भावभीनी विदाई।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (सम्पादक)
श्रावस्ती। सेवानिवृत्त हुए कुल चार पुलिस कर्मियों के सम्मान में पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी द्वारा एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस श्री दिनेश प्रसाद, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस श्री श्रवण यादव, उप निरीक्षक रेडियो शाखा श्री शशि भूषण तथा मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस श्री रामतेज कन्नौजिया को उनके दीर्घकालिक, अनुशासित एवं निष्ठापूर्ण सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं विभाग के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने संपूर्ण सेवाकाल में कानून-व्यवस्था, जनसेवा एवं विभागीय अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी कार्यसंस्कृति वर्तमान एवं नव-नियुक्त पुलिस कर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। पुलिस विभाग उनके अमूल्य योगदान पर गर्व करता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा चारों सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर श्री सतीश कुमार शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक श्री अखिलेश कुमार, पेशकार पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




