नोडल अधिकारी ने अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों के साथ स्वच्छता कार्यक्रम में लिया हिस्सा लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक।

स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य कूड़ा करकट वाले संवेदनशील क्षेत्रों और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर साफ सफाई कर स्वच्छ, सुन्दर, हरित बनाना है- (नोडल अधिकारी)
रिपोर्ट:-शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत दिनांक 1 अक्टूबर 2023 को एक तारीख एक घंटा स्वच्छता के लिए श्रमदान के तहत नोडल अधिकारी/ प्रमुख सचिव चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास, आबकारी, महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग उ. प्र. श्री मती वीना कुमारी ने जिलाधिकारी अविनाश कुमार व अधिकारियों/जन प्रतिनिधियों के साथ गांधीनगर मलिन बस्ती का निरीक्षण किया।
तत्पश्चात स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत श्रमदान के तहत पीर बटावन – नागेश्वर नाथ मंदिर में नोडल अधिकारी ने जिलाधिकारी व अधिकारियों/जन प्रतिनिधियों के साथ श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जनपद के नोडल अधिकारी श्री मती वीना कुमारी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत चालू किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा मनाने का सबसे बड़ा कारण यह है कि लोगों को स्वस्थ जीवन के साथ-साथ स्वच्छ जीवन जीने के लिए भी प्रेरित किया जाए। स्वच्छता पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य लोगों को खुले में शौच करने से रोकना है व उन्हें आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित करना भी है। इस स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य कूड़ा करकट वाले संवेदनशील क्षेत्रों और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर साफ सफाई करके अपने गांव, शहर व कार्यालय को स्वच्छ, सुन्दर, हरित बनाना है। उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि केवल आज के ही दिन नहीं बल्कि नियमित रूप से जैसे घर की साफ सफाई करते हैं वैसे ही अपने आसपास गली मोहल्ले वार्ड की नियमित रूप से सफाई करें। उपस्थित आम जनमानस को इस स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की मुहिम में पूरे मनोयोग से जुड़कर कार्य करें।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छ भारत का जो सपना देखा था, उस सपने को साकार करने के लिए शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य इस अभियान के अंतर्गत आम जनमानस की सहभागिता को सुनिश्चित करते हुए सफाई अभियान को सफल बनाना है। इस उपलक्ष्य में आज उनको स्वच्छता की श्रद्धांजलि देने के लिए मलिन बस्ती एवं आस-पास के मोहल्ले के गलियों में स्वच्छता का कार्यक्रम चलाया गया। जिलाधिकारी ने सभी लोगों से अपील की कि इस अभियान के साथ ही प्रतिदिन अपने आस-पास की साफ-सफाई करते रहें, जिससे आपके आस-पास सफाई रहेगी, तो आप भी स्वच्छ रहेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान एवं नगर पालिका क्षेत्र में पालिका द्वारा नियमित रूप से साफ सफाई के साथ ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन हेतु योजना के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती एकता सिंह अपर जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी सदर श्री विजय त्रिवेदी सहित शहर के गणमान्य व्यक्ति एवं आम जनमानस आदि उपस्थित रहे।




